टाटा पावर सोलर का फर्जी डिस्ट्रीब्यूटर बनाकर 11.36 लाख की ठगी करने वाले दो साइबर ठग बिहार से गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने ‘मिशन साइबर सुरक्षा’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर टाटा पावर सोलर कंपनी का जिला डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर 11,36,000/- रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर साइबर ठगों को बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया है। आरोपी किराए के मकान में रहकर इस अंतरराज्यीय ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

इंस्टाग्राम विज्ञापन से फंसाते थे जाल में

साइबर पुलिस थाना राजनांदगांव में दर्ज प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी को टाटा पावर सोलर कंपनी में जिला डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन, सोलर सिस्टम मशीन की अग्रिम कीमत और अधिकारियों के आने-जाने के खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 11,36,123/- रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर बिहार रवाना की गई थी।

बोधगया में किराए के मकान से चल रहा था खेल

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रशांत कुमार उर्फ निक्की (निवासी नालंदा, बिहार) और अभिषेक कुमार यादव उर्फ रवि (निवासी औरंगाबाद, बिहार) बोधगया में किराए पर कमरा लेकर ठगी का पूरा नेटवर्क चला रहे थे। आरोपी इंस्टाग्राम पर टाटा पावर सोलर कंपनी का फर्जी विज्ञापन लिंक तैयार करवाते थे। इस लिंक पर लोग जैसे ही अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरते, उनका सारा डेटा ठगों तक पहुंच जाता था। इसके बाद आरोपी कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन पर संपर्क करते और विश्वास जीतने के लिए फर्जी दस्तावेज ईमेल से भेजकर रकम ऐंठते थे।

कोलकाता से लेते थे फर्जी सिम और बैंक खाते

ठगी की इस रकम को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र से कमीशन पर फर्जी मोबाइल सिम और म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। ठगी के पैसे इन्हीं खातों में मंगाए जाते थे, जिन्हें एटीएम और फोन-पे के जरिए निकाला जाता था। आरोपियों ने जुलाई एवं अगस्त 2026 के दौरान इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान किया जप्त

राजनांदगांव साइबर थाना टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की गई हैं:

विभिन्न कंपनियों के 07 नग मोबाइल फोन

01 नग एचपी लैपटॉप

01 नग स्कैनर डिवाइस

ग्राहकों व बैंक खातों का विवरण दर्ज 02 नग नोटबुक

02 नग एटीएम कार्ड तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व फर्जी सिम।

राजनांदगांव पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप या फ्रेंचाइजी लेने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि अवश्य करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित लुभावने विज्ञापनों और अनजान लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

सराहनीय कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, सउनि द्वारिका प्रसाद लाउने, आरक्षक हेमंत साहू, आदित्य सिंह, धीरज डड़सेना, परिवेश वर्मा, पुनेश्वर साहू, रामेश्वर हिरवानी, ओमराज साहू, पार्वती कंवर और ओ.पी. चिखली से आरक्षक अमित सोनी की अहम भूमिका रही।