प्रबुद्धजन सम्मेलन में विपक्ष के भ्रम और झूठ का हुआ पर्दाफाश, लोकतंत्र की मजबूती पर हुई चर्चा

Share This :

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के तहत राजनांदगांव के सिंधु भवन में एक विराट प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शहर के बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अराजकता के प्रयासों का तथ्यात्मक जवाब देना था।

मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी डी.सी. जैन और ब्रह्माकुमारी संस्था की प्रभा दीदी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना के साथ हुआ।

कांग्रेस पर युवाओं के बीच भ्रम फैलाने का आरोप

कार्यक्रम संयोजक शशिकांत द्विवेदी ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि कांग्रेस देश भर में एसआईआर (SIR) को लेकर युवाओं के बीच भ्रम फैला रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास का माहौल बना रही है। इसी के विरोध में भाजपा द्वारा यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सही तथ्यों को जनता के सामने रखा जा सके। सम्मेलन में सुरेश एच. लाल, राकेश ठाकुर, राजेश खांडेकर, राजेंद्र गोलछा और कचरू शर्मा ने भी अपने विचार रखे।

विदेशी शक्तियों और विपक्ष पर जगन्नाथ पाणिग्रही का हमला

मुख्य वक्ता जगन्नाथ पाणिग्रही ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भारत की बढ़ती शक्ति से विदेशी शक्तियां प्रभावित हैं और वे विपक्ष के माध्यम से देश में आंतरिक लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक रूप से सशक्त और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध देश है, जहां जनता जागरूक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की क्षमता रखता है।

खूबचंद पारख ने कहा- मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए जरूरी

अभियान के जिला संयोजक खूबचंद पारख ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की एक आवश्यक प्रक्रिया है, लेकिन कांग्रेस इस पर झूठ और भ्रम फैलाकर युवाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे समाज में सही तथ्य पहुंचाकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं।

दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम का सफल संचालन सह प्रभारी पूर्णिमा साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने किया। इस दौरान संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, तरुण लहरवानी, रोहित चंद्राकर, सुमित भाटिया, किरण वैष्णव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।