राजनांदगांव। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती और ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर रविवार को जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना गया। इस कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हर देशवासी के लिए प्रेरणा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से पूरे देश का गौरव जुड़ा है। उनका संघर्ष और जीवन हर देशवासी को प्रेरित करता है। आज जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश का एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और समाज के सम्मान व अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस दौरान पीएम ने आदिवासी समाज के सफल उद्यमियों से संवाद कर उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी सुनी और उनका हौसला बढ़ाया।
नक्सलवाद से मुक्ति से विकास को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में गरीबी उन्मूलन के निरंतर प्रयासों से आदिवासी, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के परिवारों के जीवन में व्यापक बदलाव आए हैं। हर नागरिक की भागीदारी से देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष तौर पर रेखांकित किया कि नक्सलवाद का सबसे बड़ा दंश आदिवासी समाज ने ही झेला है। अब इससे मुक्ति मिलने से जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
पीएम जनमन और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारकर पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने की है।
जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आज भी प्रासंगिक
कार्यक्रम में चर्चा करते हुए यह बात उभरी कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन समाज को एकजुट रहने, अपनी संस्कृति व पहचान पर गर्व करने तथा अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने का संदेश देता है। अंग्रेजों के शोषण के खिलाफ उनका ‘उलगुलान’ (आंदोलन) जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बना। प्रकृति के प्रति सम्मान, जल-जंगल-जमीन का संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े उनके विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दे रहे हैं।
