डोंगरगांव में युवा खेल प्रतियोगितापूर्व सैनिकों ने बढ़ाया हौसला, कबड्डी व दौड़ में युवाओं ने दिखाया दमखम

Share This :

डोंगरगांव। युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ व अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘मेरा युवा भारत, राजनांदगांव’ के तत्वावधान में डोंगरगांव विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई। नशामुक्ति के 100 सप्ताह के विशेष अभियान के तहत आयोजित इस स्पर्धा में लगभग 70 युवाओं ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा व दमखम दिखाया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इस पहल के तहत 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं को खेल व सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे के बजाय खेल, शिक्षा, फिटनेस और रचनात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक प्रवीण साहू, देवेंद्र कुमार देवांगन, दिलीप चंद्राकर, देवेंद्र चंद्राकर व ओमप्रकाश साहू मौजूद रहे। आयोजन जिला युवा अधिकारी शुभजीत डे के मार्गदर्शन में हुआ, जिसकी जिम्मेदारी विकासखंड की राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका रूपमाला साहू ने निभाई। मंच संचालन व समन्वय में पूर्व स्वयंसेवक व युवा कलाकार धनंजय साहू का सहयोग रहा।

कबड्डी में सीखर अकैडमी प्रथम और हल्दी वॉरियर्स द्वितीय रही। रस्साकसी में योगिता पटेल की अगुवाई वाली सीखर अकैडमी टीम पहले व लक्ष्मी यादव के नेतृत्व वाली हल्दी वॉरियर्स की टीम दूसरे स्थान पर रही। 100 मीटर दौड़ में योगिता पटेल प्रथम, झुमकी देवांगन द्वितीय और तिप्ती यादव तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में जितेश कुमार पहले, आसिफ कुमार दूसरे व तुलेश्वर कुमार तीसरे स्थान पर रहे। गोला फेंक में किशोर कुमार प्रथम, दिनेश द्वितीय और गोवर्धन तृतीय रहे, जबकि तवा फेंक में एकमात्र प्रतिभागी श्रेया पटेल को विजेता घोषित किया गया।

पूर्व सैनिक दिलीप चंद्राकर ने युवाओं को सेना व डिफेंस क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि देशसेवा के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। अतिथियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य व स्वास्थ्य के लिए गंभीर सामाजिक बुराई है, इससे स्वयं बचने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। ‘नशे को कहें ना, खेल को कहें हां’ के संदेश के साथ हुए आयोजन से क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान को नई गति मिली।