कोतवाली से दो आरोपी फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप; तीन आरक्षक निलंबित

Share This :

सुबह 7 बजे पुलिस अभिरक्षा से भागे चोरी के आरोपी, एसपी अंकिता शर्मा ने तत्काल की कार्रवाई

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । शहर के कोतवाली थाने से पुलिस अभिरक्षा में रखे गए चोरी के दो आरोपी सुबह करीब 7 बजे फरार हो गए। घटना 26 नवंबर की है। पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के फरार होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तत्काल कार्रवाई की है। सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाने में दर्ज दो अलग-अलग अपराधों के सिलसिले में पुलिस ने विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए थाने लाया था। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी किए गए मोबाइल और नकदी को अपने घर में रखना बताया था। रात होने के कारण दोनों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। उनकी सुरक्षा के लिए आरक्षक नितेश ध्रुव और किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी, जबकि रात्रि थाना हाजिरी की जिम्मेदारी आरक्षक दुर्गेश साहू के पास थी।26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।

इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता को गंभीर मानते हुए आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया।वहीं, मामले की प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी को सौंपी गई है। उन्हें सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।