राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव और कलेक्टर जितेंद्र यादव ने गुरुवार को शहर के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अब तक पूर्ण हो चुके कार्यों और शेष बचे निर्माण की स्थिति के संबंध में रेलवे अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे प्राथमिकता देते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। अंडरब्रिज का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। निरीक्षण के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
