बाढ़ पीड़ित वार्ड मोहड़ में तीज महोत्सव मनाकर कांग्रेसियों ने ग्रामीणों के जख्म पर नमक छिड़का : मधुसूदन यादव

Share This :

राजनांदगांव। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल सहित कांग्रेसियों के द्वारा बाढ़ पीड़ित वार्ड मोहड़ में तीजा महोत्सव मनाने के कृत्य को पूर्व सांसद और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने संवेदनहीनता और बेशर्मी की पराकाष्ठा करार दिया है। उन्होंने बाढ़ पीड़ित वार्ड में तीजा त्यौहार मनाने वाले कांग्रेसी नेताओं के कृत्य को आपदा पीड़ित ग्रामीणों के जख्मों पर नमक छिड़कने का कार्य बताया है। राजनांदगॉव के 15 से अधिक ग्राम बाढ़ से पीड़ित रहे, जहां रहने-सोने की परेशानी तो दूर ग्रामीणों के घरों में तीन दिन चूल्हा तक नहीं जला, जिसकी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चिन्ता करते हुए बाढ़ पीड़ित ग्रामों का दौरा कर तत्काल राहत उपलब्ध करायी। उन्होंने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों एवं आपदा प्रभावित जनता के लिए भोजन की थाली सहित खाद्य सामग्री कै पैकेट, पेयजल की आपूर्ति कराकर प्रभावितों को हुए नुकसान की भरपायी हेतु सर्वे व तत्कालिक राहत के निर्देश कलेक्टर व संबंधित अधिकारियों को दिये। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित शहर कांग्रेस के पदाधिकारी बाढ़ पीड़ितों के क्षेत्र में तीजा उत्सव मनाकर उनकी छाती पर मूंग दलने का काम करते रहे। जिम्मेदार पदों पर बैठे कांग्रेसी नेताओं को फुर्सत नहीं थी कि एक भी बाढ़ पीड़ित वार्डो और ग्रामों में जाकर उनका दुखड़ा सुन सके। आश्चर्य है कि बाढ़ पीड़ित मोहड़ वार्ड में वे तीजा का त्यौेहार कैसे मना सके हैं? कांग्रेसी और ठगेश जी ने ‘‘रोम जल रहा था और नीरो बंशी बजा रहा था‘‘ कहावत को राजनांदगांव में चरितार्थ किया है। पूर्व सांसद ने तंज कसते हुए कहा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि विधानसभा और लोकसभा में राजनांदगॉव की जनता द्वारा कांग्रेस को सिखाए गए सबक में कुछ कसर रह गयी है, जिसकी भरपाई वे आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में राजनांदगॉव की जनता से करवाने की तैयारी कर रहे हैं।