राजनांदगांव। डोंगरगढ़ मार्ग पर स्थित मुढ़पार के समीप एक पुल के पास सड़क हादसे में राजनांदगांव के बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना बीती रात लगभग 10 से 11 बजे की है।
एक अज्ञात वाहन की ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सामने का पहिया भी ठोकर के चलते बाइक से अलग हो गया। घटना की खबर मिलने के बाद फौरन डोंगरगढ़ थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवकों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक डोंगरगढ़-तुमड़ीबोड़ मार्ग में स्थित मुढ़पार गांव से पहले एक पुल के ढलान पर राजनांदगांव के मोहारा वार्ड के रहने वाले राजू खोब्रागढ़े और युवराज यादव की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दोनों वहीं गिर पड़े। बुरी तरह से घायल होने के कारण दोनों की मौत हो गई, जबकि मृतकों की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के सामने का पहिया ठोकर के कारण अलग-अलग हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक बुधवार शाम को घर से आवश्यक कार्य बताकर डोंगरगढ़ की ओर निकले थे। रात लगभग 10 बजे के आसपास दोनों हादसे के शिकार हो गए। पुलिस को घटना की जैसे ही जानकारी मिली, थाना प्रभारी वर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवकों को अस्पताल भेजा। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक राजू खोब्रागढ़े जड़ी-बूटी का भी व्यापार करता था। संभवतः वह उसी कार्य से किसी के घर जाने के लिए निकला था। दोनों मृतक मोहारा वार्ड के बजरंग नगर के रहने वाले थे। इस घटना से मोहल्ले में मातम छा गया। डोंगरगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Sunday, May 17, 2026
Offcanvas menu
