राजनांदगांव। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट-2026 परीक्षा की सफल और शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में केंद्राध्यक्षों की बैठक ली।
बैठक में उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्राध्यक्षों को एनटीए के नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में नीट-2026 परीक्षा के लिए 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें कुल 1897 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने प्रत्येक केंद्र के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। परीक्षा के दौरान अबाधित विद्युत आपूर्ति, आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और फायर सर्विसेस, तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सुरक्षा को देखते हुए परीक्षा केंद्र परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश प्रक्रिया में फ्रिस्किंग, रजिस्ट्रेशन, प्रवेश पत्र और बायोमेट्रिक सत्यापन अधिकृत एजेंसियों द्वारा की जाएगी। सभी केंद्रों में मोबाइल जैमर भी लगाए जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण डीएलसीसी के सदस्यों द्वारा किया जाएगा, लेकिन परीक्षा कक्ष में प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा दिवस 2 और 3 मई 2026 निर्धारित हैं।
