अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई : 7 महीनों में 521 प्रकरण दर्ज, 516 आरोपी गिरफ्तार और 4 वाहन जब्त

Share This :

राजनांदगांव। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राजनांदगांव जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक की गई कड़ी कार्रवाई के दौरान कुल 521 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 516 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

2096 बल्क लीटर से अधिक शराब जब्त

सहायक आयुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है:

छत्तीसगढ़ निर्मित शराब: 1016.05 बल्क लीटर

अन्य राज्यों की शराब: 1080.13 बल्क लीटर

कुल जब्ती: 2096.18 बल्क लीटर

अन्य प्रांतों से अवैध शराब के परिवहन और संग्रहण पर अंकुश लगाते हुए विभाग ने बड़ी खेप जब्त की है। साथ ही शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 4 वाहनों को भी जब्त किया गया है।

गंभीर मामलों में 36 गैर-जमानती प्रकरण

अवैध मदिरा से जुड़े गंभीर मामलों में सख्त कदम उठाते हुए गैर-जमानती धाराओं के तहत 36 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग का स्पष्ट कहना है कि शासन के राजस्व की सुरक्षा और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

ओवर रेटिंग पर भी चला चाबुक, 5 मामले दर्ज

आबकारी विभाग की उड़नदस्ता और स्थानीय टीमों द्वारा जिले की सभी मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचने (ओवर रेटिंग) की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने अब तक 5 प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की है।

टोल फ्री नंबर पर दें शिकायत

सहायक आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब का निर्माण, परिवहन, बिक्री या दुकानों में ओवर रेटिंग की कोई गतिविधि दिखाई देती है, तो वे आबकारी विभाग के टोल फ्री नंबर 14405 पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।