राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बरगा में एक किराए के मकान से 270 पौवा देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरगा में एक युवक अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में रखी 270 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 48.600 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 21,600 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी अभिषेक कुमार यादव (25) निवासी पेंड्री बस्ती, थाना लालबाग, हाल निवासी ग्राम बरगा को गिरफ्तार किया। आरोपी शराब रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव, महिला आरक्षक कुंती कंवर तथा साइबर थाना के रामखिलावन सिन्हा सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
