आईजी अजय यादव ने ली रेंज के यातायात अधिकारियों की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव रेंज) अजय कुमार यादव ने रेंज के सभी जिलों के यातायात नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में आईजी ने मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

आईजी अजय यादव ने स्पष्ट किया कि खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और बार-बार यातायात नियमों को तोड़ने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाएं। हिट एंड रन के मामलों में शामिल वाहनों व आरोपियों की तत्काल पहचान कर त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्कूल बसों की जांच और iRAD ऐप पर जोर
बैठक के दौरान आईजी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी स्कूल बसों व वैन की फिटनेस, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर और मेडिकल किट की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही चालकों व परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं का संपूर्ण विवरण तत्काल iRAD (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस) ऐप में दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए गए।

ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर PWD और NHAI के साथ सुधार कार्य
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां की ढांचागत कमियों को दूर करने के लिए PWD और NHAI जैसे संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर तत्काल सुधार कार्य कराने को कहा गया। ओवर स्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग पर अंकुश लगाने के लिए इंटरसेप्टर वाहनों का अधिकतम उपयोग कर चालानी कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।

हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील
आईजी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं और दूसरों की जीवन सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
ऑनलाइन बैठक में आईजी कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी, राजनांदगांव से एएसपी कीर्तन राठौर, कबीरधाम से एएसपी हेमचंद सिदार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से डीएसपी श्रीमती नेहा पवार, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से डीएसपी रमेश चन्द्रा सहित रेंज स्तर के यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप, निरीक्षक महेश ध्रुव और सहायक उप निरीक्षक शेषनरायण देवांगन उपस्थित रहे।