आयुक्त मरकाम स्वच्छता कायम रखने, मवेशी पकड़ने और अतिक्रमण हटाने पर दे रहे जोर

Share This :

राजनांदगांव। शहर में स्वच्छता कायम रखने और नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने के लिए निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे प्रतिदिन सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। अगस्त माह के 31 दिनों में से 27 दिन सुबह निरीक्षण कर वे प्रदेश के नगरीय निकायों में सबसे ज्यादा मॉर्निंग विजिट करने वाले अधिकारियों में पहले स्थान पर रहे।

रविवार को निरीक्षण के दौरान आयुक्त मरकाम ने गंज चौक से नंदई चौक तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों से कचरा और झिल्ली-पन्नी उठवाई। इस दौरान व्यवसायियों, होटल संचालकों और ठेले वालों को स्वच्छता बनाए रखने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा सड़क व नाली पर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए और सफाई में लापरवाही कतई बर्दाश्त न की जाए।

निरीक्षण के दौरान इन कार्यों पर रहा विशेष जोर:

अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई: नाली और सड़क पर अवैध कब्जों तथा निर्माण सामग्री/मलबा रखने वालों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास से अवैध ठेले-खोमचे हटवाकर स्थल को साफ कराया गया।

मवेशी धरपकड़ व रेडियम पट्टी: सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए धरपकड़ अभियान जारी है। आयुक्त ने मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी और सींगों पर रेडियम टेप लगाने के निर्देश दिए हैं।

पेचवर्क और नाली सफाई: बारिश के मौसम को देखते हुए सड़कों के गड्ढों में गुणवत्तापूर्ण पेचवर्क कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है।

आयुक्त ने तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने प्रभारित वार्डों में निर्माण कार्यों के साथ बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था की रोजाना मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।