राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा 26 अप्रैल को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड की उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का राज्यव्यापी आयोजन किया जा रहा है। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 24,185 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से 12.15 बजे तक निर्धारित है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
व्यापम ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 9.30 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और अन्य प्रक्रियाएं सुचारू रूप से पूरी हो सकें। परीक्षा में प्रवेश पत्र और मान्य फोटो पहचान पत्र अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के सादे कपड़े पहनने, जूते की जगह चप्पल या सैंडल पहनने और गहरे रंग, भारी डिज़ाइन या फैंसी कपड़ों से बचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, नोट्स या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ लाना प्रतिबंधित है।
सभी केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल और पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने, नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है।
