एशियाई वेटलिफ्टिंग में चमकीं ज्ञानेश्वरी, सिल्वर और कांस्य पदक जीत देश का मान बढ़ाया

Share This :

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की ‘गोल्डन गर्ल’ ज्ञानेश्वरी यादव ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश्वरी ने सिल्वर (रजत) और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश में हर्ष की लहर है।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रचा इतिहास
53 किलोग्राम भारवर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए ज्ञानेश्वरी ने कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच राउंड में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 106 किलोग्राम भार उठाकर प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी। ज्ञानेश्वरी की इस सफलता ने उन्हें एशिया के शीर्ष भारोत्तोलकों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।

बधाइयों का तांता
ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक जीत पर खेल जगत और जिला प्रशासन ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। कोच अजय लोहार विश्वकर्मा ने उनकी कड़ी मेहनत और तकनीक को इस जीत का श्रेय दिया। जिला भारोत्तोलन संघ के संरक्षक अजय श्रीवास्तव और अध्यक्ष अमित आजमानी ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने सीमित संसाधनों के बावजूद विश्व स्तर पर राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है।

उज्ज्वल भविष्य की कामना
उनकी इस उपलब्धि पर स्टेडियम समिति, जिला भारोत्तोलन संघ के पदाधिकारियों, जय भवानी व्यायाम शाला के सदस्यों और शहर के खेल प्रेमियों ने उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं की हैं। खेल प्रेमियों का मानना है कि ज्ञानेश्वरी आने वाले समय में ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगी।