कंचन बाग टंकी में कम जल भराव की शिकायत पर पहुंचे महापौर, पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने का दिया आश्वासन

Share This :

राजनांदगांव। राजनांदगांव के लखोली कंचनबाग क्षेत्र में कम दबाव और कम समय तक पानी आने की शिकायत पर महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों और पानी टंकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्षदों और नागरिकों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया तथा पेयजल आपूर्ति को जल्द सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

तीन वार्डों में बनी हुई थी पानी की समस्या

कंचन बाग स्थित 13.50 लाख लीटर क्षमता वाली पानी टंकी में पिछले कुछ दिनों से जल भराव कम हो रहा था। इसके कारण वार्ड क्रमांक 30, 31 और 32 में पानी का प्रेशर कम आ रहा था। संबंधित वार्ड के पार्षद श्रीमती गिरिजा संतोष निर्मलकर, चंद्रशेखर लश्करे एवं श्रीमती रीना सिन्हा ने इस समस्या से महापौर को अवगत कराया था।

पूरा पानी भरने पर ही शुरू होगी सप्लाई, चलेगा टैंकर

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि टंकी में पूरा पानी भरने के बाद ही सप्लाई शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रभावित इलाकों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जनवरी तक शाम की सप्लाई भी होगी बहाल

महापौर ने बताया कि कंचन बाग टंकी बड़ी होने के कारण वर्तमान में दोनों समय सप्लाई संभव नहीं हो पा रही है। इसके स्थायी समाधान के लिए अलग से राइजिंग पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। आगामी जनवरी माह तक शाम के समय भी पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने इस व्यवस्था के पूरा होने तक शहरवासियों से सहयोग की अपील की।

निगम आयुक्त ने वाल्वमैनों को लगाई फटकार

निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले वाल्वमैनों को फटकार लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

शिवनाथ कॉलोनी का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान महापौर व आयुक्त शिवनाथ कॉलोनी भी पहुंचे। वहां निवासियों की मांग पर पार्क में जिम उपकरण व अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही वार्ड में चल रहे सड़क-नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय सीमा का ध्यान रखने तथा खराब लाइटों को सुधारने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि संतोष निर्मलकर, विजय सिन्हा, प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम, प्र. सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, उप अभियंता अनुप पांडे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।