खुटेरी में 3.28 एकड़ शासकीय भूमि से हटा अवैध कब्जा, ट्रैक्टर चलाकर समतल की गई भूमि

Share This :

राजनांदगांव। जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपना रुख सख्त कर लिया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के स्पष्ट निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खुटेरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.28 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है।

मिली शिकायत के आधार पर ग्राम खुटेरी में शासकीय घास मद की भूमि पर गांव के ही तीन किसानों—फगन सतनामी, सूर्यभान बंजारे और तोपसिंह सतनामी द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर फसल की बोआई कर ली गई थी।

मौके पर ट्रैक्टर चलाकर हटाया गया कब्जा
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद राजस्व विभाग की टीम प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रैक्टर की सहायता से खेतों की मेड़ तोड़कर और जुताई कराकर अवैध कब्जे को पूरी तरह बेदखल कर दिया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों ने तीनों किसानों को भविष्य में किसी भी शासकीय भूमि पर दोबारा अतिक्रमण या कब्जा न करने की कड़ी हिदायत दी।

कब्जेदारों पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक व शासकीय भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिले भर में इस तरह की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।