चाकू की नोक पर ऑटो चालक से लूट करने वाले चार शातिर आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

Share This :

राजनांदगांव। लालबाग पुलिस ने ऑटो चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले चार आदतन अपराधियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, एक्टिवा वाहन, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बसंतपुर निवासी ऑटो चालक राजेन्द्र कुमार साहू (51) ने लालबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 3 अगस्त को दोपहर लगभग 2:10 बजे जब वह पेण्ड्री स्थित मंदिर के पास रुका, तभी लाल रंग की एक्टिवा में आए चार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर जेब से ₹500 नगदी, मोबाइल फोन और पहचान पत्र लूट लिए और फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में लालबाग पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

दिगंबर साहू (29 वर्ष), निवासी पेंड्री बस्ती

अजय ठाकुर (19 वर्ष), निवासी पेंड्री आबादी पारा

सुजल साहू (27 वर्ष), निवासी पेंड्री बस्ती

घनश्याम खरे उर्फ धनसु (19 वर्ष), निवासी पेंड्री बस्ती

आदतन अपराधी हैं चारों आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, एक्टिवा (CG-08-AH-8443), ₹500 नगद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए हैं। घातक हथियार का इस्तेमाल करने के कारण मामले में धारा 311 बीएनएस के साथ ही 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी हत्या, लूट, मारपीट व आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल व उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।