राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 60,000 रुपये नगद, हाथ घड़ियां और घरेलू सामान बरामद किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र : बंद मकान से चोरी करने वाला गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी प्रार्थी रविशंकर देवांगन के मकान से 5 से 9 सितंबर के बीच करीब 2.10 लाख रुपये के गहने और नगदी चोरी हुए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही गफ्फार शरीफ (55 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से 60,000 रुपये नगद और बर्तन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तुमड़ीबोड़ चौकी : दुकान व पान ठेले में चोरी करने वाला गिरोह हत्थे चढ़ा
तुमड़ीबोड़ स्थित देवांगन वॉच सेंटर का शटर उठाकर घड़ियां और बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी योगेश साहू को पकड़ा। योगेश की निशानदेही पर उसके साथी जलालुद्दीन कुरैशी और प्रेम सिंह (तीनों निवासी दुर्ग) को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने तुमड़ीबोड़ के एक पान ठेले से सिगरेट व पान मसाला चोरी करने की बात भी कबूली। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी की 30 हाथ घड़ियां, बैग व नगदी बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
