राजनांदगांव। युग निर्माण विचार क्रांति के प्रणेता तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर चौपाटी परिसर का नामकरण ‘पं. श्रीराम शर्मा आचार्य स्मृति उपवन’ किया गया। चौपाटी परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे आचार्य रामयश तिवारी और महापौर मधुसूदन यादव ने गायत्री परिवार की गरिमामय उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर नामकरण पट्टिका का अनावरण किया।
इस पावन अवसर पर पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, एमआईसी सदस्य शैकी बग्गा, डिलेश्वर साहू, पार्षद हेमंत शेखर यादव, रवि सिन्हा, श्रीमती अमृता सिन्हा, पूर्व पार्षद विजय राय, गायत्री परिवार के प्रमुख श्रीराम पाल तिवारी, धीरजलाल टाक, नंदकिशोर सुरजन सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विचार क्रांति के प्रणेता थे श्रीराम शर्मा जी: आचार्य तिवारी
नामकरण पट्टिका के अनावरण अवसर पर शांतिकुंज से आए आचार्य रामयश तिवारी ने कहा कि राजनांदगांव वासियों के लिए यह अत्यंत सौभाग्य का दिन है। पं. श्रीराम शर्मा जी ने युग निर्माण के लिए विचार क्रांति का अलख जगाया और पूरे विश्व में 15 करोड़ से अधिक परिवारों को गायत्री परिवार से जोड़ा। उन्होंने समाज का मार्गदर्शन करने के लिए 3 हजार से अधिक पुस्तकों की रचना की। ऐसे युगपुरुष के नाम से उद्यान का नामकरण होना गौरव की बात है।
गायत्री परिवार के प्रस्ताव पर हुआ अमल: महापौर
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा जी के अवतरण दिवस पर चौपाटी का नाम उनके नाम पर समर्पित करना शहर के लिए ऐतिहासिक पल है। उन्होंने बताया कि पूर्व महापौर श्रीमती हेमा देशमुख के कार्यकाल में एमआईसी में इसका शुभ प्रस्ताव लिया गया था, जिसे सामान्य सभा में सर्वसम्मति से पारित कर अब अमलीजामा पहनाया गया है।
कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश गांधी ने किया। इस दौरान गायत्री परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया।
