जिला अस्पताल राजनांदगांव को मिला FSSAI का 5-स्टार ईट राइट कैंपस प्रमाण-पत्र, बना प्रदेश का पहला अस्पताल

Share This :

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जिला अस्पताल राजनांदगांव ने स्वास्थ्य व स्वच्छता के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा जिला अस्पताल को प्रतिष्ठित ‘ईट राइट कैंपस’ (Eat Right Campus) का 5-स्टार प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

छत्तीसगढ़ का पहला 5-स्टार प्रमाणित अस्पताल

कलेक्टर जितेन्द्र यादव के नेतृत्व एवं निर्देशन में जिला अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह उपलब्धि इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि जिला अस्पताल राजनांदगांव पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है, जिसे FSSAI द्वारा 5-स्टार रेटिंग के साथ यह प्रमाण-पत्र मिला है। यह प्रमाण-पत्र 2 सितंबर 2026 से 1 सितंबर 2028 तक की अवधि के लिए मान्य रहेगा।

सुरक्षित व पौष्टिक भोजन के प्रति प्रतिबद्धता

यह सम्मान अस्पताल में मरीजों, उनके परिजनों और समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिलने वाले आहार की गुणवत्ता पर मुहर लगी है।

सामूहिक प्रयास से मिली सफलता

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का श्रेय अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, खाद्य प्रबंधन से जुड़े कर्मियों और समस्त कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास व समर्पण को जाता है। जिला अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षित भोजन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और अस्पताल आगे भी इस गुणवत्ता को बरकरार रखेगा।