जिले के 1234 स्कूलों में गूंजी ‘मेरे सपनों का भारत’ की गूंज

Share This :

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले भर के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और हाई स्कूलों में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का दौर जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को जिले के चारों विकासखंडों के 1234 शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, सेवा, सुशासन, महिला सशक्तिकरण, जैविक कृषि और ‘विकसित भारत-2047’ की संकल्पना पर अपनी बेबाक राय रखी। छात्रों ने देश की पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा की उपलब्धियों को रेखांकित करने के साथ ही आगामी 25 वर्षों में भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बनाने का अपना विजन साझा किया।

चित्रकला प्रदर्शनी ने मोहा मन
भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में गत दिवस आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा बनाए गए आकर्षक चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। शाला विकास समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की जमकर तारीफ की।

28 सितंबर को होगी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता
हर विद्यालय से चयनित एक उत्कृष्ट चित्रकला और एक भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागी (प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर) को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर मिलेगा। विकासखंड स्तरीय स्पर्धा का आयोजन 28 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य:
शिक्षा विभाग के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही बच्चों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़कर विकसित भारत-2047 के प्रति जागरूक करना और उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को निखारना है।