राजनांदगांव। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा रविवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों में सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 1982 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1784 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 198 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का संचालन एनटीए के निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जैमर की व्यवस्था की गई थी। वहीं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों में जनरेटर भी उपलब्ध कराए गए थे।
परीक्षा के सुचारू संचालन एवं निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र में कार्यपालिक दंडाधिकारी और ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में परीक्षा की सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई थीं। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया का निर्धारित नियमों के अनुसार पालन कराया गया।
जिला प्रशासन की सतत निगरानी और समुचित व्यवस्थाओं के चलते सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में परीक्षा संपन्न हुई।
