डोंगरगढ़ में सड़क पर बने अवैध मकान पर चला बुलडोजर, आवागमन हुआ सुगम

Share This :

राजनांदगांव। जिले में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डोंगरगढ़ नगर पालिका ने वार्ड क्रमांक-10 में सार्वजनिक सड़क पर अवैध रूप से निर्मित मकान को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद लंबे समय से बाधित आवागमन सुचारु हो गया।

नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-10 निवासी हीरालाल यादव ने सड़क के बीचों-बीच निर्माण कर सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर लिया था। इससे क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वार्डवासियों की लगातार शिकायत मिलने पर नगर पालिका ने स्थल निरीक्षण कराया और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को व्यवस्थापन के लिए वैकल्पिक स्थान भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि, सड़क और नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अवैध निर्माण न करें तथा नगर की सुव्यवस्था और सौंदर्य बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।