चार किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार और नकदी समेत 7.66 लाख की संपत्ति जब्त
राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोमनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नकदी तथा परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में नशे एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में थाना सोमनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ठाकूरटोला टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी कर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर आ रही कार क्रमांक सीजी 08 बीई 0156 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में सवार तीन युवकों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम फैजल अंसारी (24 वर्ष) निवासी शक्तिनगर राजनांदगांव, नील गिडवानी (24 वर्ष) निवासी सिंधी कॉलोनी लालबाग राजनांदगांव तथा अतुल गोस्वामी (26 वर्ष) निवासी दुर्गा चौक लखोली राजनांदगांव बताए।वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर रखे चार पैकेटों से कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपियों के पास से 12,500 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये आंकी है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार की कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, उप निरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संजीत जायसवाल, पूनम साहू, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू सहित थाना सोमनी एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
