धान उपार्जन केंद्र मोहारा में लाखों का गबन, तीन के खिलाफ FIR दर्ज

Share This :

राजनांदगांव। जिले के सेवा सहकारी समिति मोहारा में अवैध धान परिवहन और गबन का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन की आकस्मिक जांच में 995.68 क्विंटल धान की अनियमितताएं पाई गई हैं, जिसकी कुल कीमत 30.86 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में केंद्र प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर और एक अनाधिकृत खरीदार के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अवैध धान परिवहन की सूचना मिलने पर सहायक खाद्य अधिकारी श्री द्रोण कामड़े, तहसीलदार श्री अमीय श्रीवास्तव और अतिरिक्त तहसीलदार श्री सोनित मेरिया ने मोहारा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी श्री संतोष वर्मा अनुपस्थित पाए गए।

जांच में मौके पर पकड़े गए वाहन क्रमांक सीजी 08 एल 1049 के चालक सुंदरलाल साहू ने बताया कि वह खैरी निवासी राजू वर्मा के निर्देश पर बिना वैध दस्तावेज धान ले जा रहा था। विभागीय आंकड़ों के मिलान में पता चला कि समिति ने खरीदे गए कुल धान में से 995.68 क्विंटल धान कम दिखा दिया और उसे सूखत बता दिया गया। वास्तव में यह धान फर्जी तरीके से बचाकर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

जांच में पाया गया कि केंद्र प्रभारी और कर्मचारियों ने निजी लाभ के लिए कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन किया और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई।

जांच के आधार पर श्री संतोष वर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री वेद प्रकाश साहू और अनाधिकृत खरीदार श्री राजू वर्मा के खिलाफ थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शासन की नीति के विरुद्ध कार्य करने वाले किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।