राजनांदगांव। नगर पालिक निगम के टाउन हाल में शनिवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया, ताकि बिजली के भारी-भरकम बिलों से राहत मिल सके और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।
30 से 78 हजार रुपये तक की मिलेगी सब्सिडी
बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त श्री मरकाम ने बताया कि यह भारत सरकार की एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाने के लिए शासन द्वारा 30 हजार से लेकर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही बैंक से आसान ऋण (लोन) की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक अपनी घरेलू खपत के अनुसार एक, दो या तीन किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगवा सकते हैं।
“हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष ने लगभग 400 ऐसे लाभार्थियों से सीधी चर्चा की थी, जिनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। इससे स्पष्ट है कि सोलर पैनल लगाने से सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। सभी अधिकारी व कर्मचारी स्वयं अपने घरों में इसे लगवाएं और आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”
— जी.आर. मरकाम, आयुक्त, नगर पालिक निगम
आवेदन प्रक्रिया सरल, ऑनलाइन ऐप से करें अप्लाई
आयुक्त ने योजना में आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए एक ऑनलाइन एप्लीकेशन (पोर्टल/ऐप) उपलब्ध है। इसमें लाभार्थी अपने आवश्यक पहचान पत्र, हालिया बिजली बिल और मकान के दस्तावेजों के साथ आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
