राजनांदगांव। नगर निगम के 18 कर्मचारियों को उनकी निर्धारित सेवा अवधि पूर्ण होने पर शासन के नियमानुसार समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया गया। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं योजना विभाग के निर्देशों के अनुरूप पात्र कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय समयमान वेतनमान स्वीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि कुल 18 कर्मचारियों में 11 को तृतीयए छह को द्वितीय तथा एक कर्मचारी को प्रथम समयमान वेतनमान का लाभ मिला है। लाभान्वित कर्मचारियों में उच्च श्रेणी शिक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, सहायक ग्रेड-3, परिचालक, लाइनमैन, भृत्य एवं सफाई कर्मी शामिल हैं।
आयुक्त ने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव की मंशा है कि निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सेवा संबंधी लाभ समय पर मिलें। इसी उद्देश्य से उनके कार्यकाल के बजट में भी आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले निगम में 23 कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। वहीं पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति एवं अन्य सेवा लाभ देने के लिए भी विभागीय प्रक्रिया जारी है।
आयुक्त ने कहा कि पात्रता के अनुसार निगम के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन के नियमों के तहत समयमान वेतनमान, पदोन्नति, क्रमोन्नति तथा अन्य सेवा सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
Wednesday, August 19, 2026
Offcanvas menu
