नाबालिग के साथ मिलकर दुकान से चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, एक्टिवा जब्त

Share This :

डोंगरगांव। दुकान से नगदी पार करने वाले एक शातिर आरोपी को डोंगरगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए एक नाबालिग का सहारा लिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा भी जब्त कर ली है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अर्जुनी निवासी संजय कुमार साहू (33 वर्ष) ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई 2026 को दोपहर में वह दुकान के ऊपर स्थित घर में खाना खाने गया था। दुकान में बैठी पत्नी भी बच्चे के रोने पर ऊपर आ गई। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात चोर ने दुकान के गल्ले से 8,000 रुपये नगद पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और मुखबिर की मदद से पकड़ाया आरोपी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर एवं सीएसपी श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर की टीम संदेही की तलाश में जुटी थी। 25 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही मनीष झाड़े (26 वर्ष), निवासी रविदास नगर मोतीपुर (चिखली, राजनांदगांव) को उसके घर से हिरासत में लिया।

आधे-आधे बांट लिए थे पैसे
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी मनीष झाड़े ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) के साथ मिलकर चोरी की थी और रकम आपस में आधी-आधी बांटकर खाने-पीने में उड़ा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा (CG 08 AA 0320) जब्त की है।

पहले भी दर्ज हैं 3 मामले
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मनीष झाड़े का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पूर्व में भी 03 अपराध दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

इस कार्रवाई में डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी एवं चंद्रप्रकाश हरमुख की मुख्य भूमिका रही।