पक्के घर से मिली खुशियों की सौगात, धूलेश्वरी बाई का परिवार चिंता से हुआ मुक्त

Share This :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल में गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का संकल्प धरातल पर साकार हो रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम रानीतराई निवासी श्रीमती धूलेश्वरी बाई को पक्का मकान मिलने से उनके परिवार का जीवन पूरी तरह बदल गया है।

कभी कच्चे मकान में बारिश की सीलन और जहरीले कीड़े-मकोड़ों के साये में दिन काटने को मजबूर यह परिवार अब अपने पक्के आशियाने में सुख-शांति से जीवन व्यतीत कर रहा है।

1.20 लाख की सहायता से मिला सपनों का आशियाना
श्रीमती धूलेश्वरी बाई ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि पहले उनका घर कच्चा था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण बच्चों की पुस्तकें, राशन और गृहस्थी का अन्य सामान गीला हो जाता था। हर मौसम में परिवार को भारी समस्याओं से जूझना पड़ता था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मिली 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से उनका पक्का मकान बन सका है।

सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर रहे बच्चे
धूलेश्वरी बाई ने बताया कि पक्का घर बनने के बाद अब बारिश की चिंता समाप्त हो गई है। बच्चे सुरक्षित और शांत वातावरण में अपनी पढ़ाई कर पा रहे हैं। पूरे परिवार को एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है।