राजनांदगांव। चिखली क्षेत्र में पिस्तौल दिखाकर आम लोगों को डराने-धमकाने और इलाके में अपना दबदबा कायम करने वाले चार आदतन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल और मैगजीन जब्त की गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन व उप पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
गश्त के दौरान हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी
1 अक्टूबर की रात चिखली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार रमन बाजार चिखली में धनुष साहू उर्फ गोलू पिस्तौल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू (19 वर्ष) को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर एक काले रंग की पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुई।
साथियों के नाम का हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपी धनुष साहू ने बताया कि उसने अपने साथी शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन के माध्यम से पिस्तौल खरीदी थी। क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए वह अपने साथी शेख शहबाज, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम के साथ मिलकर तालाब क्षेत्र में लोगों को पिस्तौल दिखाकर डराता-धमकाता था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने दबिश देकर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
धनुष साहू उर्फ गोलू (19 वर्ष), निवासी रमन बाजार चिखली
शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28 वर्ष), निवासी स्टेशनपारा (इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट व प्रतिबंधात्मक धाराओं के दर्जनों मामले दर्ज हैं।)
जफर मोमीन (20 वर्ष), निवासी पेट्रोल पंप के पास चिखली
ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19 वर्ष), निवासी देशमुख होटल चौक चिखली
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में चिखली चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, सउनि विनोद वर्मा, पीएसआई दुर्गेश धुरंधर, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम सहित आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी, रंजित चौरसिया, अमित सोनी व राजकुमार बंजारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
