राजनांदगांव। पेपर कप बनाने की मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर 1.81 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को सोमनी पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ठगी के 1,70,000 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए हैं। आरोपी वर्ष 2024 में अपराध दर्ज होने के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सोमनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जनवरी 2024 को ‘श्री श्याम इंडस्ट्रीज’ जयपुर के मालिक बृजेश से 65 एमएल क्षमता वाली पेपर कप मशीन खरीदने का सौदा 8.20 लाख रुपये में तय हुआ था। मशीन के साथ कच्चे माल का कुल कोटेशन 10.03 लाख रुपये तय कर प्रार्थी ने कच्चे माल के मद में 1,81,000 रुपये का अग्रिम भुगतान आरोपी को कर दिया था।
कच्चा माल डकारा, मशीन भी भेजी छोटी
आरोपी ने 2 मई 2024 को मशीन तो भेजी, लेकिन कच्चा माल नहीं दिया। मशीन की जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने 65 एमएल के स्थान पर 50 एमएल क्षमता की मशीन भेज दी थी। प्रार्थी ने जब गलत मशीन वापस ले जाकर रकम लौटाने को कहा, तो आरोपी आनाकानी करने लगा। धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर सोमनी पुलिस ने धारा 420 भादवि के तहत केस दर्ज किया था।
जयपुर में घेराबंदी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व सीएसपी के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी के राजस्थान में होने की सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम जयपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी बृजेश जिंजवारिया (26 वर्ष, निवासी टोड़ी, थाना मनोहरपुर, जिला जयपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
टीम की सराहनीय भूमिका
आरोपी के कब्जे से 1,70,000 रुपये नकद बरामद कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस अंतर्राज्यीय कार्रवाई में थाना सोमनी पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।
