प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम की सख्ती, मोहारा फ्लाई ओवर के नीचे ठेले और चखना सेंटरों पर कार्रवाई

Share This :

राजनांदगांव। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपना रुख सख्त कर लिया है। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से निगम का स्वास्थ्य अमला रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को निगम की टीम ने मोहारा फ्लाई ओवर के नीचे संचालित ठेला, खोमचा और चखना सेंटरों पर अचानक दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 10 अलग-अलग दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित झिल्ली, पन्नी, डिस्पोजल ग्लास, प्लास्टिक चम्मच, स्ट्रॉ और पानी पाउच जब्त किए। साथ ही नियम उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर ही 2,100 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

पर्यावरण और सेहत के लिए प्लास्टिक खतरनाक
मामले में निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप शहर में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य मानव जीवन के साथ-साथ मवेशियों और पर्यावरण को प्लास्टिक के गंभीर खतरों से बचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम अमला पहले दुकानदारों को समझाइश दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद विक्रय या उपयोग करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।

व्यापारियों और आम जनता से अपील
निगम आयुक्त ने सभी व्यापारियों से अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया है। वहीं, आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे जब भी खरीदारी के लिए घर से निकलें, अपने साथ कपड़े का थैला जरूर रखें और दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें।