राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित प्री बी.एड. एवं बी.एससी. नर्सिंग प्रवेश परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं नकलमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराई गईं।
प्री बी.एड. परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 10 केंद्रों पर कुल 3076 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2377 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 699 अनुपस्थित रहे। वहीं बी.एससी. नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 5 केंद्रों पर 1202 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 935 ने परीक्षा दी और 267 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सघन फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। पूरे समय प्रेक्षक, सेक्टर अधिकारी एवं उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी में रहे।
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से दोनों परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवधान रहित वातावरण में संपन्न हुईं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
