बदलाव की उम्मीद, घुमका नगर पंचायत में आम आदमी पार्टी के समर्थन में कमलेश स्वर्णकार की अपील

Share This :

राजनांदगांव। नगर पंचायत घुमका में चुनावी माहौल के बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता लोकसभा के संगठन मंत्री कमलेश स्वर्णकार ने क्षेत्र की जनता से विनम्र अपील करते हुए कहा है कि अब समय केवल वादों का नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं और ईमानदार व्यवस्था को चुनने का है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक आज सबसे अधिक अच्छी सड़क, स्वच्छ पानी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी प्रशासन चाहता है, यदि नगर का विकास सही दिशा में करना है, तो जनता को ऐसे प्रतिनिधियों का साथ देना होगा, जो वास्तव में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हों।
कमलेश स्वर्णकार ने अपने संबोधन में कहा कि घुमका नगर पंचायत की सबसे बड़ी आवश्यकता मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। कई वार्डों में आज भी पेयजल संकट, नालियों की समस्या, सफाई व्यवस्था की कमी और खराब सड़कें लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि नगर के युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं की आवश्यकता है। आम आदमी पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज का नागरिक जागरूक हो चुका है और वह केवल बड़े भाषण नहीं, बल्कि जमीन पर काम देखना चाहता है। नगर पंचायत में बेहतर स्ट्रीट लाइट, नियमित सफाई, स्वास्थ्य शिविर, बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा व्यवस्था और बुजुर्गों के लिए आवश्यक जरूरत बन चुकी हैं। कमलेश स्वर्णकार ने भरोसा दिलाया कि यदि जनता आम आदमी पार्टी को अवसर देती है, तो पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कमलेश स्वर्णकार ने युवाओं और महिलाओं को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत मतदान से होती है। उन्होंने कहा कि यदि जनता सही सोच के साथ अपने मत का उपयोग करेगी, तो घुमका आने वाले वर्षों में एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में पहचान बना सकता है। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत घुमका के सभी वार्डों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि एक मजबूत और ईमानदार टीम ही नगर के विकास को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर नगर के भविष्य के लिए मतदान करने का आग्रह किया।
अंत में उन्होंने नगर पंचायत घुमका की समस्त जनता से विनम्र निवेदन करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक पार्टी की जीत-हार का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्णय है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास, ईमानदारी और जनहित की पॉलिटिक्स को समर्थन देगी। कमलेश स्वर्णकार ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर हर घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे आम आदमी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद और समर्थन देकर नगर पंचायत घुमका में सकारात्मक बदलाव की नई शुरुआत करें।