बागनदी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बागनदी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से 43 पेटी गोवा व्हिस्की जब्त की है। तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से कार से टक्कर मारने वाले अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 15.17 लाख रुपये आंकी गई है।

फिल्मी अंदाज में पुलिस वाहन को मारी टक्कर
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की विक्टोरियस कार (क्रमांक CG 08 TB 7988) में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश खपाने के लिए ले जाई जा रही है। थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल और बागनदी पुलिस ने रात करीब 2 बजे ग्राम बागनदी चौक पर घेराबंदी की।

जैसे ही संदिग्ध कार पहुंची, चालक ने रुकने के बजाय पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ दिए और ड्यूटी पर तैनात टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए पुलिस की सरकारी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। पीछा करने पर आरोपियों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिसके बाद पुलिस ने दो तस्करों को दबोच लिया।

दुर्ग के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान किशन धीवर (25 वर्ष) निवासी जेवरा सिरसा, दुर्ग और करण केंवट (21 वर्ष) निवासी स्मृति नगर, भिलाई के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह खेप जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार के लिए ले जा रहे थे, जिसे आमगांव निवासी सोनू ने उपलब्ध कराया था।

जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
शराब: 43 पेटी (2150 नग/387 लीटर) गोवा व्हिस्की (कीमत ₹2,90,250)

वाहन: लग्जरी विक्टोरियस कार (कीमत ₹12,00,000)

कुल मशरूका: ₹15,17,250/-

इन धाराओं में केस दर्ज:
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 36 के साथ-साथ पुलिस पर हमले और जानलेवा ड्राइविंग के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 132, 324(3), 324(4) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।