भीषण गर्मी में भी जारी है निगम का मवेशी धर-पकड़ अभियान, 6 मवेशी कांजी हाउस पहुंचाए गए

Share This :

राजनांदगांव। शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा घुमंतू मवेशियों के विरुद्ध विशेष धर.पकड़ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नवतपा की भीषण गर्मी के बावजूद निगम की टीम दोपहर के समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई कर रही है। वहीं रात्रिकालीन टीम भी प्रमुख मार्गों से मवेशियों को हटाने और हांकने का कार्य नियमित रूप से कर रही है।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने कमला कॉलेज रोड, महाराणा प्रताप चौक, मठपारा, लखोली रोड, गंज चौक और नंदई चौक क्षेत्र से 6 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर रेवाडीह कांजी हाउस पहुंचाया। निगम अधिकारियों के अनुसार मवेशियों को छुड़ाने के लिए संबंधित पशुपालकों से निर्धारित नियमों के तहत 570-570 रुपए अर्थदंड लिया जाएगा।
निगम द्वारा कांजी हाउस में रखे गए मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था के साथ गंज मंडी से बची हुई फल एवं सब्जियां भी प्रतिदिन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं बीमार और घायल मवेशियों को उपचार के लिए पिंजरापोल गौशाला तथा मोहारा गौशाला भेजा जा रहा है।
रात्रिकालीन अभियान के दौरान कौरिनभाठा, ग्रीन हाइट्स, महेश नगर, जीई रोड, गुरु नानक चौक, शीतला मंदिर रोड, भरकापारा और गंज चौक क्षेत्र से सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को हटाया गया। इसके अलावा लखोली, कुआं चौक और बैगापारा क्षेत्र से बीमार मवेशियों को पकड़कर उपचार के लिए गौशाला पहुंचाया गया।
निगम की टीम केवल मवेशी पकड़ने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नालियों और नालों में फंसे पशुओं को सुरक्षित निकालने का कार्य भी कर रही है। इसी क्रम में प्रभात नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर के सामने नाले में फंसे एक मवेशी को टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को निर्धारित स्थानों पर बांधकर रखें तथा उन्हें सड़कों और चौक-चौराहों पर खुला न छोड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया जाएगा।