राजनांदगांव। पशुपालकों की लापरवाही के कारण सड़कों और चौक-चौराहों पर बैठने वाले मवेशियों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की मौजूदगी में मंगलवार को शहर में मवेशी धर-पकड़ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 12 आवारा मवेशियों को पकड़कर रेवाड़ीह कांजी हाउस भेजा गया, वहीं 100 से अधिक मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी और सींगों पर रेडियम टेप लगाए गए।
हाल ही में जी.ई. रोड फ्लाई ओवर पर हुई सड़क दुर्घटना में दर्जनभर मवेशी चोटिल हो गए थे। इसी के मद्देनजर आम नागरिकों और बेजुबानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की टीम निदान 1100, सीएम हेल्पलाइन और मैदानी निरीक्षण के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
इन इलाकों में चला अभियान
निगम की टीम ने नेहरू नगर, जी.ई. रोड ओवरब्रिज के ऊपर, महामाया चौक, कमला कॉलेज चौक, सृष्टि कॉलोनी और आर.के. नगर क्षेत्र से 12 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस पहुंचाया। कांजी हाउस से मवेशी छुड़ाने पर पशुपालकों से 570-570 रुपये का जुर्माना वसूल किया जाएगा। कांजी हाउस में मवेशियों के लिए गंज मंडी से फल और सब्जियां लाकर खिलाई जा रही हैं।
रात में हकाले जा रहे मवेशी, बीमार गाय का इलाज
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रोजाना रात में मुख्य सड़कों व चौराहों से मवेशियों को हकालने का काम किया जा रहा है। वहीं, पाताल भैरवी मंदिर के पास से एक बीमार गाय की सूचना मिलने पर उसे रेस्क्यू कर इलाज के लिए आरोग्यम गौशाला पहुंचाया गया।
आयुक्त ने की पशुपालकों से अपील
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने शहर के पशुपालकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और निर्धारित स्थानों पर बांधकर रखें। सड़कों पर खुले घूमते पाए जाने पर संबंधित पशुपालकों के खिलाफ सख्त अर्थदंड और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
