‘मस्ती की पाठशाला’ में इस बार अखाड़े के हैरतअंगेज करतब और मटकी फोड़ का तड़का, बच्चों का हौसला बढ़ाने खुद पहुंचे कलेक्टर

Share This :

राजनांदगांव। रविवार की सुबह शहरवासियों के लिए फुल ऑन एंटरटेनमेंट और फिटनेस का डोज लेकर आई। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित ‘मस्ती की पाठशाला’ में इस बार उमंग और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह-सुबह क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या जवान, सभी अपने पूरे परिवार के साथ पारंपरिक खेलों का लुत्फ उठाने और सेहत संवारने पहुंचे। इस रविवार की मस्ती को दोगुना करने खुद कलेक्टर श्री जितेंद्र यादव भी पाठशाला का हिस्सा बने। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और इस बेहतरीन आयोजन की जमकर तारीफ की।

कलेक्टर बोले— हर वर्ग का यह उत्साह देखकर दिल खुश हो गया
समारोह में पहुंचे कलेक्टर श्री जितेंद्र यादव ने कहा, “मस्ती की पाठशाला के प्रति शहर के हर वर्ग में जो क्रेज दिख रहा है, वह वाकई गजब का है। बच्चे और युवा बड़ी संख्या में यहां आकर न केवल अपने बचपन को जी रहे हैं, बल्कि डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। ऐसी गतिविधियां शहर के माहौल को सकारात्मक बनाती हैं।”

नंदई बाली अखाड़े के करतब देख थमी सांसें, जलेबी दौड़ में मची होड़
इस बार की ‘मस्ती की पाठशाला’ का सबसे बड़ा यूएसपी (मुख्य आकर्षण) ‘नंदई बाली अखाड़ा’ रहा। अखाड़े के नन्हे उस्तादों और युवा पहलवानों ने जब लाठी घुमाने से लेकर पारंपरिक युद्ध कला के हैरतअंगेज करतब दिखाए, तो दर्शकों ने दांतों तले उंगलियां दबा लीं।

इसके अलावा इस रविवार कई नए फन-गेम्स का तड़का भी लगाया गया था। मटकी फोड़, मोमबत्ती जलाओ, जलेबी दौड़ और बैलून फुलाओ जैसी मजेदार प्रतियोगिताओं में जीतने के लिए बच्चों के बीच जबरदस्त होड़ मची रही।

पारंपरिक खेलों के साथ जुम्बा की थाप पर थिरका शहर
बचपन की यादें: मैदान के एक हिस्से में बच्चे और युवा हमारे पारंपरिक खेल जैसे बिल्लस, बाटी (कंचे), भौंरा, पिट्टूल और रस्सी कूद का आनंद लेते दिखे। वहीं तीरंदाजी, बैडमिंटन, जंप और कराटे के शौकीनों ने भी अपना हुनर दिखाया।

फन जोन: छोटे बच्चों ने झूले और फिसल पट्टी पर मस्ती की।

म्यूजिक और योग: एक तरफ जहां योगा ग्रुप के साथ लोगों ने सुबह की शुरुआत शांति से की, वहीं दूसरी तरफ ‘रीदम रिवॉल्यूशन ग्रुप’ के गानों पर पूरा शहर जुम्बा डांस की थाप पर थिरकता नजर आया।

कैनवास पर उकेरे रंग, विजेता बच्चे हुए पुरस्कृत
आर्ट कॉर्नर में नन्हे चित्रकारों ने ड्रॉइंग शीट पर अपनी कल्पनाओं के खूबसूरत रंग बिखेरे। यामिनी कला केंद्र की ओर से सबसे बेहतरीन स्कैच और पेंटिंग बनाने वाले बच्चों को मौके पर ही पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

भीड़ और क्रेज दोनों हर हफ्ते बढ़ रहा है: निगम आयुक्त
नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि ‘मस्ती की पाठशाला’ की लोकप्रियता का ग्राफ हर हफ्ते बढ़ रहा है। लोगों की डिमांड को देखते हुए ही इस बार मटकी फोड़ और जलेबी दौड़ जैसे नए इवेंट्स जोड़े गए थे।

उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए बॉडी टेक जिम, रीदम रिवॉल्यूशन ग्रुप, योगा ग्रुप, ब्लड डोनेट संघ, यामिनी कला केंद्र, इंडियन टीवीएस कंपनी, राजनांदगांव रनर ग्रुप सहित हॉकी, कराटे और तीरंदाजी संघों का आभार जताया। इस मौके पर शहर के कई पार्षद, गणमान्य नागरिक और सैकड़ों परिवार मौजूद रहे।