राजनांदगांव। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना से मिल रही मासिक वित्तीय सहायता महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। राजनांदगांव विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बांटगांव की रहने वाली श्रीमती मीना बाई यादव इस योजना का लाभ पाकर बेहद खुश हैं और अब वे अपने परिवार की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर पा रही हैं।
बच्चों की शिक्षा में मिल रही बड़ी मदद
योजना से मिल रहे लाभ को साझा करते हुए लाभार्थी मीना बाई यादव ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत नियमित रूप से सहायता राशि प्राप्त हो रही है। शुरुआत में मिली यह आर्थिक मदद उनके लिए एक बड़ी राहत बनकर आई थी, जो अब उनके परिवार के मासिक बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। मीना बाई इस राशि का सदुपयोग विशेष रूप से अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए कर रही हैं। बच्चों के लिए कॉपी, किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्रियां खरीदने के साथ-साथ घर के राशन व अन्य जरूरी सामानों की पूर्ति भी इस राशि से हो रही है।
छोटे खर्चों के लिए नहीं होना पड़ता निर्भर
मीना बाई का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आत्मबल और आर्थिक संबल दिया है। अब उन्हें अपने या बच्चों के छोटे-छोटे खर्चों के लिए परिवार में किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। वे स्वयं अपनी मर्जी से घर की प्राथमिकताओं को तय कर पा रही हैं। इस योजना ने संकट के समय में उनके परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
महतारी वंदन योजना से जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव के लिए श्रीमती मीना बाई यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अंचल की महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है, जिससे उन्हें समाज में सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने की राह मिली है।
