महापौर ने शांति नगर और डबरी तालाब का निरीक्षण किया, सफाई और फेंसिंग के दिए निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने आज सुबह शांति नगर और चिखली क्षेत्र का दौरा कर सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नालियों की नियमित सफाई करने और लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, जल विभाग के प्रभारी सदस्य सुनील साहू, पार्षद शिव वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि लोकेश जैन, प्र. सहायक अभियंता सुषमा साहू, उप अभियंता अनुप पांडे, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा और प्र. स्वच्छता निरीक्षक पवन कुर्रे के साथ भ्रमण कर सभी कार्यों का अवलोकन किया।

उन्होंने रमन बाजार की रोजाना सफाई, डबरी तालाब के आसपास झाड़ियों की कटाई और फेंसिंग करने के निर्देश दिए। चिखली स्कूल मैदान में खिलाड़ियों से मिलकर खेल के लिए मैदान तैयार करने और मंच व्यवस्थित करने के लिए संबंधित इंजीनियरों को निर्देशित किया। इसके अलावा शासकीय प्रेस के पीछे मैदान की सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वार्डवासी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सफाई और रखरखाव में जनभागीदारी बढ़ाना जरूरी है ताकि शहर स्वच्छ और सुरक्षित बन सके।