मानपुर। शासकीय लाल श्याम शाह महाविद्यालय मानपुर में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम और नांदी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय ‘व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार कौशल प्रशिक्षण’ कार्यक्रम का 25 अगस्त को सफल समापन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में कुल 55 छात्राओं ने भाग लिया और रोजगार के नए गुर सीखे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नांदी फाउंडेशन के स्टेट को-ऑर्डिनेटर पुष्पेंद्र कुमार साहू और ट्रेनर श्वेता देवांगन की मुख्य भूमिका रही।
सेल्फ अवेयरनेस व यूनिकनेस: पहले और दूसरे दिन संवाद सत्र तथा ‘आई एम यूनिक’ एक्टिविटी के जरिए छात्राओं को अपनी खूबियों को पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और प्रभावी संवाद का प्रशिक्षण दिया गया।
गोल सेटिंग व टाइम मैनेजमेंट: तीसरे दिन छात्राओं को जीवन व करियर में लक्ष्य तय करने और समय का सही इस्तेमाल करने के तरीके बताए गए।
रिज्यूमे मेकिंग व ग्रूमिंग: चौथे दिन रिज्यूमे तैयार करने, बॉडी लैंग्वेज सुधारने और प्रोफेशनल ग्रूमिंग की बारीकियां सिखाई गईं।
मनी मैनेजमेंट व मॉक इंटरव्यू: पांचवें दिन बजट निर्माण, वित्तीय प्रबंधन और समस्या समाधान के टिप्स दिए गए। साथ ही मॉक इंटरव्यू के माध्यम से प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस कराया गया।
ग्रुप डिस्कशन व अवार्ड्स: छठे व अंतिम दिन समूह चर्चा और तात्कालिक भाषण का आयोजन हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
स्किल डेवलपमेंट से ही मिलेगा रोजगार: डॉ. तोरण
समापन अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. तोरण लाल वर्मा ने कहा कि आज के दौर में किताबी पढ़ाई के साथ-साथ पर्सनालिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स और रोजगारोन्मुखी हुनर बेहद जरूरी हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में अहम साबित होते हैं।
