रायपुर (नांदगांव टाइम्स) । छत्तीसगढ़ में सुशासन को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “सीएम हेल्पलाइन-1076” का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अब अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के तहत प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे शिकायत की ट्रैकिंग, सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान ही सुशासन की सबसे मजबूत नींव है। इसी सोच और विजन के साथ शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन-1076 शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगी।सरकार का मानना है कि यह हेल्पलाइन जनसेवा को अधिक सुलभ, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था से नागरिकों का शासन-प्रशासन पर विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ होगा।
सीएम हेल्पलाइन-1076 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन मॉडल का एक नया अध्याय माना जा रहा है, जो आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक जवाबदेही को और मजबूत करेगा।
