राजनांदगांव। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में विकासखंड छुरिया के ग्राम जरहामहका निवासी दुर्गा साहू को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
दोनों पैरों से दिव्यांग दुर्गा साहू को पहले कहीं भी आने-जाने के लिए परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था। दैनिक आवश्यक कार्यों को पूरा करने में भी उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन मोटराइज्ड ट्रायसायकल मिलने के बाद उनकी आवागमन संबंधी समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।
दुर्गा साहू अब अपने जरूरी कार्यों के लिए स्वयं आसानी से आ-जा सकती हैं। इससे न केवल उनका समय और श्रम बच रहा है, बल्कि आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्रायसायकल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिसने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
दुर्गा साहू ने इस सुविधा के लिए शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन को नई दिशा मिली है। शासन की ऐसी योजनाएं दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने में मददगार साबित हो रही हैं।
