एनसीबी और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही गांजा की खेप बरामद,
पुलिस को चकमा देकर दो आरोपी फरार
राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल राजनांदगांव और पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही 41.195 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में गांजा, टाटा योद्धा पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित ₹28,65,750 मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान वाहन चालक और उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एनसीबी रायपुर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी की।सूचना के अनुसार ओडिशा के मलकानगिरी-कोरापुट क्षेत्र से टाटा योद्धा पिकअप (क्रमांक CG 04 NS 8967) में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर आगरा (उत्तरप्रदेश) ले जाया जा रहा था।
पुलिस की घेराबंदी देखकर संदिग्ध वाहन निर्धारित स्थान से करीब 300 मीटर पहले रुक गया और उसमें सवार दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।इसके बाद वाहन की विधिसम्मत तलाशी लेने पर सीट के पीछे और नीचे छिपाकर रखे गए 36 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 41.195 किलोग्राम गांजा मिला। तलाशी के दौरान वाहन से ओप्पो कंपनी का एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत ₹20,59,750 बताई गई है।
पुलिस ने मामले में तुमड़ीबोड़ थाना के अपराध क्रमांक 319/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एनसीबी रायपुर एवं राजनांदगांव पुलिस की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस सफल कार्रवाई में साइबर सेल राजनांदगांव एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही।
