रानी सागर किनारे चला सफाई अभियान, चौपाटी क्षेत्र से हटाए गए अवैध ठेला-खोमचे

Share This :

राजनांदगांव। शहर के प्रमुख जलाशय रानी सागर के आसपास फैली गंदगी को लेकर नगर निगम ने सोमवार को विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत तालाब किनारे जमा कचरे को हटाया गया तथा चौपाटी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ठेला-खोमचों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार चौपाटी क्षेत्र में संचालित कुछ ठेला-खोमचा संचालकों द्वारा रानी सागर के किनारे कचरा फेंके जाने से गंदगी फैल रही थी। वहीं आम नागरिकों द्वारा भी तालाब के आसपास कचरा डालने से स्थिति खराब हो गई थी। शिकायतों और उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद नगर निगम के स्वास्थ्य एवं अतिक्रमण अमले ने संयुक्त कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से तालाब किनारे जमा कचरे को निकाला गया और टिप्परों के माध्यम से उसका निष्पादन किया गया। साथ ही चौपाटी के आसपास अवैध रूप से खड़े ठेलों और खोमचों को हटाया गया।

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई कार्रवाई में अधिकारियों ने गंदगी फैलाने वालों और यातायात बाधित करने वाले अवैध ठेला संचालकों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने दुकानदारों और ठेला संचालकों से डस्टबिन का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों और चौक-चौराहों पर अवैध रूप से पसरा या ठेला लगाने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।