रेत के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, तीन हाईवा जब्त

Share This :

राजनांदगांव। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया है।

कार्रवाई कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार की गई। खनिज विभाग की टीम ने डोंगरगांव, बरगांव, मटिया, सुरगी, सोमनी, तुमड़ीबोड़, सुकुलदैहान और डुमरडीहकला सहित अन्य क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बेलगांव निवासी लेखराम साहू के स्वामित्व वाले हाईवा क्रमांक सीजी 07 सीएन 9026 से वाहन चालक रोशन साहू द्वारा रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। टीम ने वाहन को जब्त कर थाना तुमड़ीबोड़ के सुपुर्द कर दिया।

इसी प्रकार गठुला निवासी लोमेश देवांगन के स्वामित्व वाले हाईवा क्रमांक सीजी 08 बीएफ 4572 को चालक धनसिंग कंवर द्वारा अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। वहीं ग्राम मुसराकला निवासी उत्तम साहू के स्वामित्व वाले हाईवा क्रमांक सीजी 08 एजेड 4197 को चालक हुमेश वर्मा द्वारा अवैध परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए थाना सुकुलदैहान को सुपुर्द किया गया।

खनिज विभाग के अनुसार सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है।