राजनांदगांव। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए प्रतीकात्मक रूप से दो पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रही छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की छात्रा कु. गोपेश्वरी साहू तथा उनकी बहन कु. वाणी, जो स्कूली छात्रा हैं, ने रानीसागर तालाब परिसर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर लगातार सफाई अभियान चलाया है। दोनों बहनों के इस सराहनीय प्रयास की महाविद्यालय परिवार ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य अंजलि अवधिया एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रामकुमारी धुर्वा ने दोनों छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उल्लेखनीय है कि दोनों छात्राओं को उनकी कर्मठता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के लिए पूर्व में राजनांदगांव मड़ई समिति द्वारा भी विशेष सम्मान से नवाजा जा चुका है। महाविद्यालय ने छात्राओं की उपलब्धियों पर गौरव व्यक्त करते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण, रानीसागर की स्वच्छता में जुटी छात्राओं का सम्मान
