शाहीन खान के मार्गदर्शन में पनेका स्कूल का मॉडल नेशनल के लिए चयनित

Share This :

राजनांदगांव। शासकीय हाई स्कूल पनेका की विज्ञान विषय की व्याख्याता शाहीन खान के मार्गदर्शन में छात्रा आयुषी देवांगन द्वारा तैयार ‘खुदाई एवं कटाई मशीन’ मॉडल का इंस्पायर अवॉर्ड हेतु नेशनल स्तर पर चयन हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ संपूर्ण जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे पूर्व भी शाहीन खान के मार्गदर्शन में पनेका स्कूल के तीन विज्ञान मॉडल राज्य स्तर पर चयनित हो चुके हैं। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उनके निरंतर प्रयासों का यह महत्वपूर्ण परिणाम है।
छात्रा आयुषी द्वारा तैयार बहुत कम लागत में बनने वाला यह मॉडल कृषि क्षेत्र में उपयोगी है। इसकी परिकल्पना खेतों में उगने वाले खरपतवार एवं अनुपयोगी छोटे पौधों को काटने के साथ जमीन में आवश्यक गहराई तक खुदाई करने के लिए की गई है। इसकी मदद से कृषि संबंधी कार्य कम समय और कम श्रम में आसानी एवं शीघ्रता से किए जा सकते हैं। कम लागत में तैयार होने वाला यह मॉडल कृषि कार्यों को सरल बनाने की दिशा में विद्यार्थियों के व्यावहारिक नवाचार का उदाहरण है।
मॉडल को विकसित करने में शाहीन खान ने छात्रा को वैज्ञानिक अवधारणा, कार्यप्रणाली और प्रस्तुतीकरण के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया, उनका प्रयास विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर विज्ञान को स्थानीय जरूरतों और वास्तविक जीवन की समस्याओं से जोड़ने का रहा है। आयुषी का यह मॉडल इसी व्यावहारिक सोच और नवाचार का परिणाम है।
राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला 2 एवं 3 सितंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी, रायपुर) में आयोजित की जा रही है। इसमें वैभवता, विज्ञान व्याख्याता शाहीन खान एवं छात्रा आयुषी देवांगन मॉडल सहित सम्मिलित होंगे। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में मॉडल को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से परिष्कृत किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर शाहीन खान ने कहा कि इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की विज्ञान के प्रति रुचि, उनकी मेहनत एवं लगन के साथ विद्यालय की प्राचार्या ए. देवांगन और समस्त स्टाफ के सहयोग को जाता है। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के माध्यम से विद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन कर सकते हैं। विद्यार्थियों में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए शाहीन खान को हाल ही में विनोबा एजुकेशन सम्मान से भी सम्मानित किया गया है।