राजनांदगांव। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों के सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आने लगे हैं। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में स्कूली बच्चों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग व मार्गदर्शन कक्षाओं की शुरुआत की गई है। इस पहल के दम पर राजनांदगांव जिले ने प्रदेश स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश चयन परीक्षा में इस वर्ष जिले के रिकॉर्ड 91 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके साथ ही भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ भर्ती प्रक्रिया में भी जिले के 37 युवाओं ने सफलता का परचम लहराया है।
जेईई-नीट के लिए वीकेंड पर विशेष ऑनलाइन कक्षाएं
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए विद्यार्थियों को लगातार नि:शुल्क मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाएं: जेईई (JEE), नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए प्रत्येक शनिवार और रविवार को विशेष ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
बोर्ड परीक्षाएं: कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं।
नियमित अध्ययन: कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए यूट्यूब लिंक के माध्यम से नियमित रूप से डिजिटल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के प्रयासों से संवर रहा भविष्य
विद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिलने से जिले में शैक्षणिक माहौल बदला है। नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से ग्रामीण व दूरदराज के प्रतिभावान बच्चों को भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी का मौका घर बैठे मिल रहा है। प्रशासन का उद्देश्य जिले के ज्यादा से ज्यादा बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है।
